Lu Ug Admission Form Correction Opportunity Portal Open Till June 30
आवेदन फॉर्म में संशोधन के लिए एलयू ने खोला पोर्टल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय ने यूजी और यूजी प्रफेशनल कोर्स में केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया (LURNS) के तहत ऑनलाइन आवेदन की डेट समाप्त होने के बाद आवेदन फॉर्म में संशोधन के लिए सुधार पोर्टल खोल दिया है। 30 जून मंगलवार रात 12 बजे तक फॉर्म में सुधार कर सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 जून थी।
प्रवेश समन्वयक प्रो.अनित्य गौरव ने पत्र जारी कर बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन जमा करते समय अपने इंटरमीडिएट के प्राप्तांक या ग्रेड नहीं भरे थे, अथवा जिनके फॉर्म में कोई अन्य त्रुटि रह गई थी, वे सभी अब अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग करके सुधार कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को विवि द्वारा पूर्व में दिए गए लॉगिन आईडी और पासवर्ड का प्रयोग करना होगा। उन्होंने बताया कि अंतिम तारीख बीतने के बाद अभ्यर्थी फॉर्म में सुधार नहीं कर पाएंगे। इसलिए ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने अभी तक अपने 12वीं कक्षा के अंक पोर्टल पर अपडेट नहीं किए हैं, उनका आवेदन अपूर्ण माना जा सकता है। प्रवेश कार्यालय ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने फॉर्म की जांच कर लें और यदि कोई गलती हो तो उसमें सुधार करें। किसी भी समस्या के लिए अभ्यर्थी ईमेल luadmission2026@gmail.com पर भी संपर्क कर सकते हैं।