काशित ने जतिन को किया बाहर, कनिष्क अगले दौर में

नवभारतटाइम्स.कॉम
काशित ने जतिन को किया बाहर, कनिष्क अगले दौर में
n NBT न्यूज, लखनऊ: एक लाख रुपये इनामी राशि वाले टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार दो बड़े उलटफेर देखने को मिले। आइटा पुरुष टेनिस टूर्नामेंट में गैर वरीय काशित नगराले और कनिष्क जेटली ने उलटफेर कर अगले दौर में जगह बनाई।

अलीगंज स्थित केसरी टेनिस अकैडमी पर खेले गए टेनिस मुकाबलों में सोमवार को सबसे बड़ा झटका हरियाणा के शीर्ष वरीय जतिन नैन को लगा। महाराष्ट्र के गैर वरीय काशित नगराले ने जतिन के खिलाफ पहले सेट 4-6 से हार मिली। पहला सेट गंवाने के बाद काशित ने वापसी करते हुए दमदार सर्विस अटैक और जतिन की सर्विस दो बार ब्रेक करते हुए दोनों सेट जीतकर शीर्ष वरीय जतिन को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया। काशित ने 4-6, 6-2, 6-2 स्कोर से मुकाबला जीत अगले दौर में जगह बनाई।
आदित्य टूर्नामेंट से बाहर

दिन का दूसरे बड़े उलटफेर में पंजाब के आठवें वरीय आदित्य तिनजानी को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। गुजरात के गैर वरीय कनिष्क जेटली ने आदित्य के खिलाफ सटीक ग्राउंड स्ट्रोक और स्मैश के दम पर 6-2, 6-3 से सीधे दो सेट में जीत हासिल की। कनिष्क के सामने आदित्य पहले सेट में दो बार और दूसरे सेट में केवल तीन बार ही सर्विस ब्रेक कर सके। अन्य मुकाबलों में, मध्य प्रदेश से दूसरे वरीय दीप मुनिम, कर्नाटक से तीसरे वरीय सुरज प्रबोध, दिल्ली से चौथे वरीय वंश बिष्ट, हरियाणा से पांचवें वरीय वंश नंदल, महाराष्ट्र से छठे वरीय नीरव शेट्टी और हरियाणा से सातवें वरीय जगमीत सिंह ने जीत हासिल की।