Tragic Road Accident Of Minor Brothers Bike Collides With Tree Both Critically Injured
बाइक लेकर निकले दो नाबालिग भाई, पेड़ से टकराकर हुए घायल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : तिगांव थाना क्षेत्र के मंझावली गांव में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर से बिना बताए बाइक लेकर निकले दो सगे नाबालिग भाइयों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल बच्चों की उम्र 13 वर्ष और 9 वर्ष है। मंझावली गांव में रहने वाले व्यक्ति के दोनों बच्चे रविवार रात घर से बाइक लेकर चीरसी गांव की ओर निकल गए थे। रास्ते में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, वह पेड़ से जा टकराई। दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। दोनों का इलाज जारी है।