Woman Defrauded Of 180 Lakh On Pretext Of Credit Card Renewal Fir Registered With Cyber Cell
क्रेडिट कार्ड रिन्यू करने के बहाने महिला से ठगे 1.80 लाख, FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक महिला को अपना शिकार बनाया। महिला के मोबाइल पर एपीके (APK) फाइल भेजकर उनके क्रेडिट कार्ड से एक लाख, 80 हजार, 937 रुपये हड़प लिए।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, डबुआ कॉलोनी की रहने वाली महिला ने बताया कि 27 जून की शाम उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि आपका पीएनबी का क्रेडिट कार्ड अप्लाई हुआ है। जब महिला ने उसे बताया कि वह पीएनबी का नहीं, बल्कि आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करती हैं, तो ठग ने क्रेडिट कार्ड को अपडेट या रिन्यू करने के बहाने पीड़ित महिला के वॉट्सऐप पर एपीके फाइल भेजी। उसने महिला से कहा कि इस ऐप को डाउनलोड कर इसमें अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भर दें। झांसे में आकर महिला ने जैसे ही ऐप डाउनलोड किया और अपने क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी दर्ज कीं, इसके बाद खाते से पैसे कटने के मेसेज आने लगे। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तुरंत कस्टमर केयर पर फोन कर अपना कार्ड ब्लॉक करवाया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।