Woman Defrauded Of 192 Lakh On Pretext Of Job On Instagram
नौकरी मिली नहीं, महिला ने गंवा दिए 1.92 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सोशल मीडिया पर नौकरी की तलाश कर रही एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। इंस्टाग्राम पर नौकरी खोजने के झांसे में आकर एक महिला ने एक लाख, 91 हजार रुपये गंवा दिए। पीड़िता की शिकायत पर एनआईटी साइबर अपराध थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, दयाल बाग कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने बताया कि 24 जून को वह इंस्टाग्राम पर जॉब सर्च कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें एक जॉब नोटिफिकेशन दिखा, जिस पर उन्होंने आवेदन कर दिया। इसके तुरंत बाद ठगों ने उनसे संपर्क किया और रजिस्ट्रेशन व एप्लिकेशन चार्ज के नाम पर 850 ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। शुरुआती रकम मिलने के बाद जालसाजों ने महिला को अधिक वेतन और काम का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल नंबर से कॉल और मेसेज करके अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर और पैसों की मांग की। ठगों के झांसे में आकर पीड़िता ने 24 और 25 जून को अपने बैंक खातों से कुल 7 ट्रांजेक्शन किए। इस तरह उन्होंने कुल एक लाख, 91 हजार, 99 रुपये गंवा दिए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उनके फोन उठाने बंद कर दिए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर जालसाजों का पता करने में जुटी है।