n NBT न्यूज, हथीन : जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच अब शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बच्चों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जिले के स्कूलों में कार्यरत 1045 कुक को विशेष ट्रेनिंग मिलेगी। इस पहल के तहत कुक को साफ-सफाई के मानकों, पौष्टिक भोजन बनाने की विधि और रसोई प्रबंधन से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि स्कूलों में बनने वाला भोजन सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण हो सके। इसके लिए विभाग को बजट भी मंजूर हुआ है। इस ट्रेनिंग में यह भी बताया जाएगा कि यदि कोई कुक बीमार हो जाए तो उस स्थिति में क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और वैकल्पिक व्यवस्था कैसे सुनिश्चित की जाए। विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से न केवल मिड-डे मील की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य पर भी अच्छा असर पड़ेगा और अभिभावकों का भरोसा भी मजबूत होगा।



