भारी वाहनों की एंट्री बंद होने के बाद भी नहीं सुधरे हालात

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के शीतला माता मंदिर रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। इसके बावजूद ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। रोज हजारों श्रद्धालु मंदिर आ रहे हैं। फ्री पार्किंग की व्यवस्था है। फिर भी जाम लग रहा है। ट्रैफिक पुलिस तैनात है। हालात नहीं सुधर रहे हैं।

traffic jam in gurgaon despite heavy vehicle no entry situation out of control

nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शीतला माता मंदिर रोड पर भारी वाहनों की एंट्री सोमवार से भले ही बंद कर दी गई हो, बावजूद इसके यहां पर हालात सुधर नहीं पा रहे हैं। सोमवार को भी यहां सुबह से शाम तक हैवी ट्रैफिक नजर आया। इस दौरान कई बार जाम के हालात बने। सुबह के समय तो यहां गाड़ियां काफी देर तक फंसी रहीं। यहां पर दो फ्री पार्किंग होने के बाद भी हालात सुधर नहीं रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस यहां रात-दिन तैनात रहती है, बावजूद इसके परेशानी हो रही है।

हेवी वीकल की नो एंट्री, फिर भी फंस रहा ट्रैफिक: शीतला माता मंदिर में इन दिनों चैत्र माह का मेला चल रहा है। इसके चलते मंदिर रोड पर सोमवार से हेवी वीकल की नो एंट्री की गई है। इस संबंध में रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने अडवाइजरी जारी कर दी थी। बावजूद इसके सोमवार को यहां पर ट्रैफिक फंसा रहा। मंदिर के सामने और पार्किंग की साइड भी ट्रैफिक पूरी तरह से स्लो था।

5 मिनट का रास्ता पार करने में लग रहा आधा घंटा : सेक्टर-5 निवासी वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर से अतुल कटारिया चौक पहुंचने में इन दिनों 20 मिनट से ज्यादा समय लग रहा है, जबकि यह 5 मिनट का रास्ता है। इन दिनों मंदिर में रोज 10 हजार से अधिक श्रद्धालु आ रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने मंदिर और सेक्टर-5 हुडा ग्राउंड में फ्री पार्किंग की व्यवस्था की है। यहां करीब 800 वाहन पार्क हो सकते हैं। रोड पर पार्किंग और श्रद्धालुओं के रोड पर आने के कारण यहां जाम के हालात बनते हैं। ऑटो वाले भी सवारी के चक्कर में रोड पर पार्किंग करते हैं। ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामकृष्ण ने बताया कि यहां दिन और रात में 42 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।