nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीबीएसई स्कूलों को अब छात्राओं के मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर विशेष प्रबंधन करना होगा। स्कूलो में समर्पित मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन कॉर्नर बनाए जाएंगे। जिससे छात्राओं को उनके स्वास्थ्य और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी जा सके। सीबीएसई ने इस संबंध में नया सर्कुलर जारी किया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने सभी संबद्ध स्कूलों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के 20 जनवरी के उस फैसले के बाद उठाया गया है, जिसमें मासिक धर्म स्वास्थ्य को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत गरिमा के अधिकार का अनिवार्य हिस्सा माना गया है। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि लड़कियों के लिए शिक्षा और समान मौके देने के लिए उचित स्वच्छता सुविधाएं होना बेहद जरूरी है।
बोर्ड के जारी सर्कुलर के अनुसार, अब सभी स्कूलों को लड़कियों के लिए अलग और स्वच्छ शौचालय और हाथ धोने की उचित व्यवस्था करनी होगी।


