एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद की क्रॉसिंग रिपब्लिक में एएसजी एप्पल-7 प्रोजेक्ट में बड़ा घोटाला हुआ है। एक ही फ्लैट कई लोगों को बेच दिया गया। फ्लैटों को बैंकों में गिरवी रखकर करोड़ों की धोखाधड़ी की गई। करीब 100 परिवार इस फर्जीवाड़े से प्रभावित हुए हैं। विकासकर्ता पर फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप हैं। यूपी रेरा और उच्च न्यायालय में भी मामले लंबित हैं।

ghaziabad same flat sold multiple times crores defrauded by mortgaging to banks

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित आवासीय परियोजना एएसजी एप्पल-7 में एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचने और बैंकों में गिरवी रखकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामले में डूंडाहेड़ा स्थित आवासीय परियोजना एएसजी एप्पल-7 की एओए की ओर से कुमुद कुमार, बैजनाथ शाह ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में प्रमोटर और विकासकर्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

शिकायत में डूंडाहेड़ा स्थित आवासीय परियोजना एएसजी एप्पल-7 की एओए की ओर से कुमुद कुमार, बैजनाथ शाह ने शिकायत में बताया कि परियोजना में ऐसे कम से कम 10 फ्लैट चिह्नित किए गए हैं, जिनमें दो बार या इससे ज्यादा बार बिक्री के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं। इनमें टावर एस-2ए के कई फ्लैट शामिल हैं। कई मामलों में एक ही फ्लैट तीन लोगों को बेचा गया। इतना ही नहीं, इन फ्लैटों को बैंकों से लोन लेने के लिए बंधक भी बना दिया गया, जिससे एक ही संपत्ति पर कई तरह के दावे और कानूनी जटिलताएं पैदा हो गईं। आरोप है कि विकासकर्ता ने इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए फर्जी निरस्तीकरण पत्र, फर्जी इकरारनामा और रेकॉर्ड में हेराफेरी का सहारा लिया। पुराने खरीदारों के अधिकारों को दबाने के लिए नकली दस्तावेज तैयार किए गए और नए खरीदारों को यह दिखाया गया कि फ्लैट पूरी तरह खाली और विवाद मुक्त हैं। इस फर्जीवाड़े से करीब 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। एओए का कहना है कि कई फ्लैटों से जुड़े मामले पहले से ही यूपी रेरा और उच्च न्यायालय में लंबित हैं। कुछ मामलों में रिफंड, कब्जा और रिकवरी से संबंधित आदेश भी पारित हो चुके हैं। इसके बावजूद विकासकर्ता द्वारा उन्हीं फ्लैटों को दोबारा बेचा गया।