n गाजियाबाद : पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में इस्राइल-अमेरिका ईरान और के बीच गहराते युद्ध के बादलों ने अब गाजियाबाद के रियल एस्टेट सेक्टर की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इस लड़ाई का सीधा असर शहर में बन रहे ग्रुप हाउसिंग प्रॉजेक्ट्स पर दिखने लगा है। समुद्री मार्ग बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई चेन टूटने से निर्माण सामग्री की कीमतें आसमान छू रही हैं। स्टील, टाइल्स, एल्युमीनियम और फिनिशिंग में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की आपूर्ति ठप होने से हजारों घर बायर्स का अपने घर का सपना अब और लंबा खिंच सकता है। निर्माण लागत में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने बिल्डरों की चिंता बढ़ा दी है, जिसका सीधा बोझ अब ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। बायर्स के लिए यह स्थिति दोहरी मार जैसी है। एक तरफ होम लोन की ब्याज दरें पहले से ही चर्चा में हैं, वहीं दूसरी तरफ कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के कारण बिल्डर्स फ्लैट की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत बढ़ोतरी कर सकते हैं। इसके अलावा पजेशन में होने वाली देरी से बायर्स को किराये के मकानों में अधिक समय तक रहना होगा, जिससे उनका आर्थिक गणित प्रभावित होगा।

