n NBT न्यूज, लोनी : दुबई में नौकरी लगवाने के लिए कबूतरबाजों ने एक शख्स से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए।
गिरी मार्केट कॉलोनी के रहने वाले शाहवाज ने बताया कि दयालपुर करावल नगर दिल्ली के रहने वाले मोहम्मद तारिक उर्फ राहिब और उसकी पत्नी तबस्सुम ने उन्हें उनके दुबई में रहने वाले रिश्तेदारों के पास नौकरी लगवाने का ऑफर दिया था। 30 सितंबर 2024 को आरोपियों ने उसे अपने घर बुलाकर वीजा व हवाई जहाज के टिकट की पीडीएफ भी दिखाई और कहा कि 2 अक्टूबर 2024 को शाम 9 बजे इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट के गेट पर वे उन्हें मिलेंगे। वहीं सभी ओरिजनल डॉक्युमेंट देने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि जब वह एयरपोर्ट के गेट पर पहुंचा तो वहो उसे तारिक और उसकी पत्नी नहीं मिले लेकिन सलमान, आदिल, शादाब, शरीफ, मोहसिन आदि मिले। पता चला कि उन्हें भी तारिक और पत्नी ने इसी तरह एयरपोर्ट भेजा था और वे भी इंतजार कर रहे थे। परेशान पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली और अंकुर विहार थाने में तारिक और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।


