n NBT न्यूज़, बुलंदशहर
मिर्जापुर नयागांव में खेलने के दौरान एक बच्चे ऋषभ (10) के शरीर में आरपार हुए सरिये को ऑपरेशन के बाद निकाल दिया गया है। उसे अब आईसीयू से सामान्य वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। ऋषभ के परिजनों ने उसके ठीक होने पर डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया है। करीब साढ़े तीन घंटे चले ऑपरेशन के बाद अब ऋषभ की हालत बिल्कुल ठीक है। उसके शरीर मे घुसे करीब 4 फुट लंबे सरिये को बाहर निकाल दिया गया है। मिर्जापुर नयागांव में बच्चों के साथ खेलते समय के ऋषभ निर्माणाधीन मकान के पिलर पर जा गिरा। सरिया उसके गले के आरपार हो गया। ग्रामीणों ने सरिया काटा और बच्चे को लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां ऑपरेशन के बाद बच्चे के शरीर में से सरिया निकाल दिया गया।


