nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में अब जल्द ही दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस एजुकेशन) की सुविधा शुरू होने जा रही है। छात्र ऑनलाइन दाखिला लेकर घर बैठे पढ़ाई कर सकेंगे। ऐसे में नौकरी पेशा व कोई दूसरी शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र भी अतिरिक्त कोर्स के रूप में बीबीएयू से ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। विवि की ओर से इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। विवि की कोशिश है कि इसी साल से डिस्टेंस एजुकेशन में पढ़ाई शुरू कर दी जाए। अब तक शहर में सिर्फ लखनऊ विश्वविद्यालय में ही डिस्टेंस मोड में कोर्स संचालित किये जा रहे हैं।
यूजीसी के मानकों के मुताबिक नैक ए ग्रेड या उससे अधिक ग्रेड वाले विश्वविद्यालय डिस्टेंस लर्निंग में पाठ्यक्रम शुरू कर सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालयों को कहीं से अनुमति लेने की भी जरूरत नहीं है। बीबीएयू को नैक से A++ ग्रेड मिला है। ऐसे में अब विवि की ओर से डिस्टेंस एजुकेशन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। शुरुआती प्रस्ताव के तहत मैनेजमेंट, होमसाइंस, सोशल वर्क और योग समेत कई विषयों के पाठ्यक्रम ऑनलाइन शुरू करने की योजना है।
साल में दो बार होंगे दाखिले : ऑफलाइन कोर्सों के लिए साल में एक बार ही दाखिले लिये जाते हैं लेकिन डिस्टेंस एजुकेशन में साल में दो बार दाखिले लिए जाएंगे। ऐसे में अगर किसी छात्र को ऑफलाइन दाखिला नहीं मिल पाता है तो वह ऑनलाइन कोर्स में दाखिला लेकर बीबीएयू से पढ़ाई कर सकेंगे।
वीसी राजकुमार मित्तल ने कहा कि डिस्टेंस एजुकेशन के लिए ड्राफ्ट तैयार हो रहा है। तैयारी है कि इसी साल से डिस्टेंस मोड में भी पढ़ाई शुरू हो सके। कोर्स का निर्धारित किया जा रहा है।


