LPG संकट के बीच आई PNG की याद

नवभारतटाइम्स.कॉम

एलपीजी की किल्लत के बीच फरीदाबाद के लोग पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को याद कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने सालों पहले आवेदन कर भुगतान और फिटिंग भी करा ली है, पर कनेक्शन शुरू नहीं हुआ है। अदानी टोटल गैस लिमिटेड करीब 1.2 लाख घरों में सप्लाई दे रही है, जबकि क्षमता 10 लाख घरों की है।

png connection wait amidst lpg crisis thousands of consumers troubled supply stuck for years

n ओमदेव शर्मा, फरीदाबाद

एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई पर संभावित असर और कीमतों को लेकर चिंता के बीच जिले में लोगों को पाइप्ड नेचरल गैस (PNG) की याद आने लगी है। लेकिन विडंबना यह है कि हजारों उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने सालों पहले आवेदन किया, भुगतान भी किया और घरों में फिटिंग तक हो गई, फिर भी गैस कनेक्शन शुरू नहीं हो सका। जिले में करीब 10 लाख लोगों के घरों तक PNG कनेक्शन पहुंचाने की क्षमता है, लेकिन फिलहाल अदानी टोटल गैस लिमिटेड की ओर से केवल करीब 1.2 लाख घरों में ही सप्लाई हो रही है। कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, करीब 50 हज़ार कनेक्शन के आवेदन आए हुए हैं।

निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया: बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी और भगत सिंह कॉलोनी के निवासियों ने करीब चार साल पहले PNG कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। निर्धारित शुल्क भी जमा किया और घरों में पाइपलाइन व मीटर भी लगा दिए, लेकिन आज तक गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई। कॉलोनी निवासी वीरेंद्र मनचंदा के कंपनी के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया तो हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। वॉर्ड नंबर 41 से पार्षद महेश गोयल का कहना है कि वह मेयर और नगर निगम कमिश्नर से बात करेंगे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि गैस सप्लाई करने वाली कंपनी टेक्निकल सर्वे के लिए निगम के पास आवेदन करें। इसके बाद निगम, एफएमडीए और गैस कंपनी की टीम एरिया में टेक्निकल सर्वे करेगी। दिक्कत को दूर किया जाएगा।