NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
सेक्टर-40 थाना एरिया के झाड़सा चौक फ्लाईओवर सेक्टर-15 के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। इस हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक ऑटो चालक की पहचान नवल महतो के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से बिहार के पूर्वी चंपारण मोतिहारी के गांव सिसवा सोब निवासी नवल फिलहाल दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रहते थे और ऑटो चलाते थे। मृतक के चाचा अलखदेव महतो ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे नवल अपना ऑटो लेकर दिल्ली के आनंद विहार से सवारी बिठाकर गुड़गांव आ रहे थे। जैसे ही ऑटो झाड़सा चौक फ्लाईओवर के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। इस हादसे में नवल और ऑटो में बैठे यात्री सुरेश को गंभीर चोटें आईं। घायल यात्री सुरेश ने ही नवल को गुड़गांव के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।


