ठगी के लिए बैंक खाता देने वाला गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में आईपीओ में निवेश का लालच देकर एक महिला से करीब 20 लाख रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने इस मामले में ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले धर्मवीर को गिरफ्तार किया है। वहीं, बल्लभगढ़ में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर एक युवक से सात हजार रुपये की ठगी हुई।

ठगी के लिए बैंक खाता देने वाला गिरफ्तार

NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

आईपीओ में निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला से करीब 20 लाख 41 हजार की ठगी मामले में पुलिस ने खाता उपलब्ध कराने वाले को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मवीर निवासी कछार, भिंड, मप्र के रूप में हुई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-43, निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि उसे ठगों द्वारा एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य निवेशकों के मुनाफे से संबंधित जानकारी साझा की जाती थी। इसके बाद ठगों ने उसे एक मोबाइल ऐप का लिंक भेजकर उसे डाउनलोड करवाया और उसका अकाउंट खुलवाया। ठगों ने उसको IPO में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर उसने विभिन्न ट्रांजैक्शनों के माध्यम से कुल 20 लाख 41 हजार रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने लाभ सहित अपनी राशि वापस मांगी तो ठगों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी धर्मवीर ने खाताधारक विजय सिंह का खाता लेकर आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसके बैंक खाते में मामले से जुड़े हुए ठगी के कुछ रुपये आये थे। आरोपी धर्मवीर मोमोज की रेहड़ी लगाने का काम करता है।

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : साइबर ठगों ने बल्लभगढ़ के आर्य नगर इलाके में रहने वाले एक युवक से टेलिग्राम के जरिए वर्क फ्रॉम होम जॉब का लालच देकर सात हजार रुपये की ठगी कर ली। इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दर्ज केस के मुताबिक आर्य नगर बल्लभगढ़ निवासी एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जनवरी को दोपहर करीब 2:54 बजे उसके पास टेलिग्राम के माध्यम से एक युवक का संपर्क हुआ। आरोपी ने उसे घर बैठे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसकी व्यक्तिगत जानकारी मांगी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि उसके मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसे शेयर करना होगा तभी पीड़ित के पास दो अलग-अलग ओटीपी आए, जिन्हें उसने आरोपी को बता दिया। इसके तुरंत बाद उसके खाते से दो ट्रांजैक्शन के जरिए कुल सात हजार रुपये निकल गए।