NBT रिपोर्ट, मेरठ: बदायूं जिले के HPCL प्लांट में 12 मार्च को हुए दो अफसरों की हत्या के बाद कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों की छटनी शुरू कर दी है। प्लांट के 85 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। निकाले गए कर्मचारियों में मुख्य हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह के दो भाई केशव प्रताप और चंद्रशेखर भी शामिल हैं। प्लांट से मिली जानकारी के अनुसार, आउटसोर्सिंग कर्मियों को कंपनी से निकाले जाने की सूचना कर्मचारियों को हायर करने वाली कंपनी के मैनेजर पराग हलानी ने ईमेल से दी है। मेल में साफ कहा गया है कि 13 मार्च से सेवाएं समाप्त मानी जाएंगी। हत्या का आरोप आउटसोर्सिंग कर्मचारी अजय प्रताप सिंह पर है। प्लांट में अनुशासनहीनता पर सख्ती करने के कारण उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता से अजय प्रताप सिंह नाराज था।



