पुलिस मुठभेड़ में तीन पशु तस्कर अरेस्ट, एक घायल

नवभारत टाइम्स

बरेली में नाले से पशुओं के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। सोमवार तड़के हुई मुठभेड़ में तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तीनों के पैर में गोली लगी है। एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और औजार बरामद किए हैं।

पुलिस मुठभेड़ में तीन पशु तस्कर अरेस्ट, एक घायल
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

बरेली जिले में नाले से पशुओं के अवशेष मिलने के बाद मचे बवाल के बीच पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सोमवार तड़के एनकाउंटर में तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में तीनों के पैर में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। इससे पहले लापरवाही के आरोप में सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था।

नाले में मिले अवशेष से भड़का मामला: इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी इलाके में शनिवार को लोगों को नाले में गाय के कटे हुए सिर और बोरियों में भरे अवशेष तैरते मिले थे। इसका विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में तनाव फैल गया था। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गौ रक्षा दल जैसे संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरियां निकलवाईं और उन्हें मिट्टी में दबवा दिया था। अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। रविवार को उसी नाले में फिर से करीब 20 बोरियों में अवशेष मिलने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। संगठनों ने पुलिस पर लापरवाही और मिलीभगत के आरोप लगाए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और दूसरी एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, एक बाइक और पशु हत्या में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।