n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
बड़खल क्षेत्र स्थित भारत गैस एजेंसी पर सोमवार सुबह 6 बजे के करीब उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। एजेंसी पर सिलिंडरों से भरा ट्रक पहुंचने के बावजूद लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे नाराजगी बढ़ गई।
सुबह से ही उपभोक्ता लंबी लाइन में खड़े थे। अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही सिलिंडर वितरण शुरू होने की उम्मीद जगी, एजेंसी कर्मियों ने लाइन में लगे लोगों को यह कहते हुए सिलिंडर देने से मना कर दिया कि फिलहाल केवल 10 से 15 मार्च के बीच बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को ही गैस दी जाएगी। इस फैसले से मौके पर मौजूद लोग भड़क उठे। उनका कहना था कि उन्होंने तीन से चार दिन पहले ही गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर मनमानी और भेदभाव का आरोप लगाया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। करीब 20 मिनट तक उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की। पारदर्शिता की मांग उठाई। हालांकि, कोई ठोस समाधान न निकलने पर उपभोक्ताओं को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं, इस मामले को लेकर एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



