सेक्टर-61 में बस डिपो बनाने का काम शुरू, पार्किंग एरिया व चार्जिंग स्टेशन बनाने का प्लान

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सेक्टर 61 में सिटी बसों के लिए डिपो का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने चारदीवारी और ग्राउंड लेवलिंग का काम शुरू कर दिया है। इस डिपो में पार्किंग, वाशिंग एरिया और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। यह फरीदाबाद में बसों के लिए एक निश्चित स्थान प्रदान करेगा।

faridabad bus depot construction begins in sector 61 will also have parking and charging stations

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर 61 में सिटी बस के लिए डिपो बनाने का काम हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। यहां पर चारदीवारी करने के साथ ही ग्राउंड लेवलिंग का काम शुरू किया जा चुका है। फिलहाल काम शुरुआती चरण में है, अधिकारी आने वाले दिनों में काम को गति देने की बात कह रहे हैं। पहले चरण में यहां पर चारदीवारी करने के साथ ही पार्किंग एरिया, वाशिंग एरिया, चार्जिंग स्टेशन व बिजली का सब स्टेशन तैयार करने का काम किया जाएगा।

फरीदाबाद में फिलहाल फरीदाबाद में 50 सिटी बस चल रही हैं, लेकिन यहां बसों को खड़ा करने के लिए कोई तय जगह नहीं है और न ही कोई सर्विस स्टेशन है। ऐसे में कुछ बसों को बल्लभगढ़ स्थित रोडवेज के बस डिपो में खड़ी की जाती है और कुछ गुड़गांव चली जाती हैं। इस साल 100 ई बसें भी इस बेडे में शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में बसों के लिए अलग से डिपो तैयार किया जा रहा है। सेक्टर 61 में करीब 10 एकड़ जमीन की साइट पर पहले एफएमडीए को डिपो बनाने का जिम्मा दिया गया था, लेकिन बाद में इस काम की जिम्मेदारी एचएसवीपी को सौंप दी गई थी। एचएसवीपी ने डिपो निर्माण के लिए साइट पर काम शुरू कर दिया गया है। इस काम पर करीब साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं।