NBT न्यूज़, हथीन
युवती को घर छोड़ने के बहाने गाड़ी में बिठाकर गुड़गांव ले जाकर गैंग रेप करने का आरोप है। मामला उटावड़ थाना क्षेत्र का है। लोक-लाज और डर के मारे पीड़िता ने फांसी लगाकर जान तक देने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह परिजनों ने बचा लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 17 मार्च की रात करीब 9 बजे वह अपने चाचा के घर से लौट रही थी। रास्ते में उसे मुस्तकीम और साबिर नाम के युवक मिले। मुस्तकीम से जान-पहचान होने के कारण जब उसने घर छोड़ने की बात कही, तो युवती उसकी स्विफ्ट कार में बैठ गई। आरोपी युवती को उसके घर छोड़ने के बजाय जबरन गुड़गांव स्थित एक किराए के कमरे पर ले गए। जब युवती ने विरोध किया, तो दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और पूरी रात बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म काम किया। अगले दिन 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गए।
गांव के ही हैं आरोपी
घर पहुंचने पर परिजनों के डर और मानसिक आघात के कारण पीड़िता ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में पहले धौज (फरीदाबाद) के अल्फलाह मेडिकल कॉलेज और बाद में नूंह जिला के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कई दिनों बाद होश में आने पर युवती ने उटावड़ थाना प्रभारी रेणु शेखावत को बयान दिए। पीड़िता और आरोपी एक ही गांव के हैं। पीड़िता ने उस स्थल के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। वह अभी तक उस कमरे की सही लोकेशन नही बता पाई है जहां ले जाकर उंसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वह अभी भी बदहवासी की स्थिति में है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। थाना प्रभारी रेणु शेखावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अपराध स्थल की निशानदेही की जाएगी।



