n NBT न्यूज, पलवल
शहर के हथीन गेट पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव जनाचौली निवासी राहुल उर्फ धम्पू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका दोस्त नरेंद्र फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। बीती 21 मार्च की शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार चालक ने लापरवाही से चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर आए लोगों ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। नरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर थार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।



