n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने डीआरएम गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। मनोज कुमार ने कार्मिक विभाग से जुड़े मामलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे सभी जोन में कर्मचारियों के प्रमोशन को तय समय सीमा में पूरा करने के मामले में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कर्मचारी हितों, पदोन्नति, एमएसीपी , रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण ओर अनुशासनात्मक मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में सभी सेलेक्शन को जून माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहुल यादव ने पावर पॉइंट के जरिए लखनऊ मंडल में कार्मिक विभाग की उपलब्धियों और प्रगति के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 99 श्रेणियों में कुल 1540 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 382 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ दिया गया और नवंबर 2025 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के खिलाफ 41 पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने मंडल कार्यालय का निरीक्षण किया।
बादशाहनगर कॉलोनी में स्थित मनोरंजन संस्थान को भी देखा। इसके बाद बादशाहनगर मंडलीय चिकित्यालय में रोगियों को फल वितरित किया। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू सिंह और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव समेत सभी अफसर मौजूद रहे।




