बिजनेसमैन से साढ़े 3 करोड़ की ठगी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

साइबर ठगों ने एक बिजनेसमैन से साढ़े तीन करोड़ रुपये ठग लिए। अधिक मुनाफे का लालच देकर यह ठगी की गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने ठगी की रकम खपाने के लिए अपने बैंक खाते बेचे थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। यह मामला गुड़गांव का है।

35 crore fraud businessman duped 3 accused arrested

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साइबर ठगों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर शहर के एक बिजनेसमैन से 3.5 करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस ने बिजनेसमैन की शिकायत पर केस दर्ज कर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते और संसाधन उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ठगी की रकम खपाने के लिए अपना बैंक खाता महज एक लाख रुपये में साइबर अपराधियों को बेच दिया था।पुलिस टीम फिलहाल इस मामले में अन्य आराेपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सेक्टर-72 निवासी बिजनेसमैन नीरज ने 12 मार्च को पुलिस को बताया कि उन्हें अधिक रिटर्न का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया गया था। शुरुआती तौर पर तीन करोड़ रुपये इंवेस्टमेंट करने 21 लाख का मुनाफा हुआ था। जिस पर उन्होंने करीब दो से ढाई माह में साढ़े तीन करोड़ रुपये ठगों की ओर से बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब नीरज ने इस मुनाफे और इंवेस्टमेंट की गई रकम को निकालना चाहा, तो ठगों ने और रुपयों की मांग शुरू कर दी। जिस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। मामले में कार्रवाई करते हुए एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें अर्जुन सिंह निवासी धौलाना, हापुड़, मयंक सिंह निवासी न्यू पंचवटी कॉलोनी, गाजियाबाद और हर्ष शर्मा निवासी गुलमोहर गार्डन, गाजियाबाद हैं।