n NBT न्यूज,सेक्टर 31
इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कूड़ा उठान की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इलाके में नगर निगम की कूड़े की गाड़ी नियमित रूप से नहीं पहुंच रही, जिसके चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को खुद ही इंतजाम करना पड़ा और अब रेहड़ी वाले वेंडर घर घर से कूड़ा उठाने का काम कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह व्यवस्था भी नियमित नहीं है, जिस कारण कई जगह कूड़े के ढेर लग जाते हैं और बदबू से लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नवीन मुद्गल ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आरडब्ल्यूए के अनुसार स्थानीय पार्षद ने अपनी तरफ से रेहड़ी वाले लगवाए हैं ताकि किसी तरह कूड़ा उठ सके। लोगों ने साफ कहा है कि जल्द नियमित गाड़ी शुरू नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो जाएगी। मामले में एसएसआई हर्ष चावला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो पाई।


