NBT न्यूज, सहारनपुर: स्टेट हाइवे पर स्थित एक होटल में रविवार को बाइक सवार कुछ युवकों पर फायरिंग का आरोप है। जानकारी के अनुसार, देवबंद में स्थित वीआईपी रोज होटल में कुछ युवक कमरे लेने पहुंचे थे। रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी ने उनसे पहचान पत्र (आईडी) मांगा। एक युवक ने तो आईडी दिखा दी, लेकिन बाकी युवकों से आईडी मांगने पर भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने होटल में फायरिंग कर दी। इसके बाद उन्होंने होटल में तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे कई शीशे टूट गए और सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए होटल कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। जान बचाने के लिए कर्मचारी कमरों में छिप गए।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


