n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की जिलास्तरीय बैठक रविवार को आंबेडकर भवन सेक्टर-4 में हुई। बैठक में 12 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली रन फॉर अंबेडकर रन फॉर संविधान और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सोनीपत में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी एवं गुड़गांव जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष पंकज डावर ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों, जनविरोधी फैसलों, जनविरोधी कार्यों का विरोध कर कांग्रेस ने सरकार की जड़ें हिला दी हैं। बीजेपी सरकार देश के विरोध में काम करती है। पूंजीपतियों के लिए काम करती है, इस बात का देश की जनता को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के माध्यम से लग चुका है। इसलिए आम जनता कांग्रेस के कार्यक्रमों में भागीदार बनकर खुद को चौकीदार कहलाने वाले प्रधानमंत्री को सत्ता से हटाने की मांग करने लगी है। इससे साफ है कि पूरी बीजेपी सकते में आ गई है। इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग के प्रभारी अनिल फांडन, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक, महासचिव करण लोहिया, सुल्तान वाल्मीकि, गुडग़ांव एससी सैल के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार, शहरी अध्यक्ष राजकुमार, मुकेश चौधरी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


