बाहर के विशेषज्ञों से बनवाया Phd का पेपर

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परीक्षा सोमवार को होगी। परीक्षा के पेपर इस बार विश्वविद्यालय के बाहर के विशेषज्ञों ने तैयार किए हैं। परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऑफलाइन कक्षाएं भी दो दिन के लिए निलंबित कर दी गई हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

lucknow university phd entrance exam external experts prepared papers emphasis on transparency

nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को पीएचडी के दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। विवि की ओर से पीएचडी के दाखिलों के लिए जहां नया ऑर्डिनेंस पास किया है। तो वहीं इस बार हो रही परीक्षा में खास पारदर्शिता रखी गई है। इसके तहत विवि के किसी भी शिक्षक से इस बार पीएचडी प्रवेश परीक्षा के पेपर नहीं बनवाए गए हैं। विवि प्रशासन ने पीएचडी के सभी पेपर इस बार दूसरे विवि के एक्सपर्ट से बनवाए हैं। वहीं विवि की ओर से रविवार को परीक्षा के लिए गाइडलाइन भी जारी की गई है। इसमें परीक्षा अवधि में बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। छात्र प्रवेश न करें इसके लिए विवि की ओर से ऑफलाइन क्लास भी सस्पेंड कर दी गई है। दो दिन 30 व 31 मार्च को कैंपस में ऑनलाइन क्लास होंगी।

पीएचडी की पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक होगी जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे के बीच होगी। पहली पाली में हिंदी, मानवशास्त्र, अरब संस्कृति, जैव रसायन, गणित, गृह विज्ञान, पश्चिमी इतिहास, उर्दू, अंग्रेज़ी तथा प्रबंधन अध्ययन की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में सांख्यिकी, भूगोल, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, समाजशास्त्र, भौतिकी, प्राणीशास्त्र, संस्कृत, अरबी तथा अनुप्रयुक्त अर्थशास्त्र का पेपर होगा। अन्य विषयों की परीक्षा 31 मार्च को इसी तरह दो पालियों में आयोजित की जाएगी। विवि की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सभी छात्र प्रवेश पत्र के अलावा कोई भी पठन सामग्री साथ लेकर न आएं। मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कैंपस के गेट के बाहर रखकर आएं।