यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में लगी आग, सभी सुरक्षित

नवभारतटाइम्स.कॉम

यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक प्राइवेट बस में आग लग गई। थाना नौहझील क्षेत्र में यह घटना हुई। बस ड्राइवर की सूझबूझ से सभी 48 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। बस पूरी तरह जल गई। यात्रियों को दूसरी गाड़ियों से भेजा गया। आग के कारणों की जांच जारी है।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में लगी आग, सभी सुरक्षित

यमुना एक्सप्रेस- वे पर रविवार की सुबह सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। थाना नौहझील क्षेत्र में हुए इस हादसे में बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह बस सवारियों को लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी। बताया गया है कि बस में 48 यात्री सवार थे। बस जैसे ही थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन संख्या 64 के नजदीक पहुंची कि अचानक बस से धुंआ उठने लगा। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे बस में सवार सभी यात्री बस से उतरकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। देखते ही देखते बस में से आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने सभी यात्रियों को दूसरी गाड़ियों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। पुलिस ने बताया कि आग से किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।