50 जिलों से पहुंची भीड़, मुलायम की विरासत वाले मैदान पर गूंजी ‘बदलाव’ की हुंकार

नवभारतटाइम्स.कॉम

समाजवादी पार्टी ने ग्रेटर नोएडा के मिहिर भोज ग्राउंड में एक बड़ी रैली की। इस रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों से लोग पहुंचे। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यह रैली मुलायम सिंह यादव की विरासत से जुड़ी रही। पार्टी ने पश्चिमी यूपी में अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया।

akhileshs roar on mulayams legacy ground crowd from 50 districts sps power show in western up

n सुधीर कुमार, ग्रेटर नोएडा : मिहिर भोज ग्राउंड में रविवार को समाजवादी पार्टी ने ऐतिहासिक शक्ति प्रदर्शन कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरण गरमा दिए। अखिलेश यादव की इस रैली में 50 से अधिक जिलों से जनसैलाब उमड़ा। विशेष रूप से बुलंदशहर, अलीगढ़ और खुर्जा से आए युवाओं व किसानों के बड़े काफिलों ने दादरी को पूरी तरह सपा के रंग में सराबोर कर दिया।

यह रैली भावनाओं से भी जुड़ी रही, क्योंकि इसी मैदान पर कभी मुलायम सिंह यादव ने जनसभा को संबोधित किया था। आज उनके बेटे अखिलेश यादव ने उसी स्थान से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकी। उमड़ी भीड़ और समर्थकों के जोश को देख पार्टी नेताओं के चेहरे खिल उठे। वहीं विपक्षी खेमे में बेचैनी साफ दिखी। विपक्षी नेता दिन भर अपने करीबियों के जरिए रैली के माहौल की पल-पल की जानकारी जुटाते रहे। अखिलेश यादव ने अपने लंबे संबोधन में इसे बदलाव की आहट बताते हुए आगामी चुनावों के लिए एकजुटता का आह्वान किया। लंबे समय बाद जिले में हुई इस बड़ी जनसभा ने न केवल सपा का शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि यह भी संकेत दिया कि पार्टी पश्चिमी यूपी में अपनी जड़ें मजबूती से जमा रही है।