nNBT न्यूज, फरीदाबाद : ग्रेटर फरीदाबाद में बादशाहपुर-ददसिया रोड पर सीवर का पानी भरा हुआ है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इससे फसल को भी नुकसान हो रहा है। इस समस्या से परेशान ग्रामीण निगम अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं।
बादशाहपुर गांव वाॅर्ड नंबर 34 में आता है। गांव के पास ही ददसिया की ओर जाने वाली रोड किनारे सीवरफ्लो है। इससे पानी रोड पर जमा हो रहा है। रोड पर पानी अधिक होने के बाद वह खेतों व प्लाॅटों में जमा हो रहा है। खेतों में पानी भरने से गेहूं व सब्जियों की फसल खराब हो रही हैं। ये सब्जियां सेहत पर विपरित असर डाल सकती हैं। इस रोड से लोग यमुना घाट, बसंतपुर गांव से निकल कर कालिंदी कुंज तक पहुंच सकते हैं। इसके बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा व दिल्ली जाने वालों के लिए भी यह रोड महत्वपूर्ण है। ग्रामीण रोहताश चौधरी, वैभव व अरुण त्यागी का कहना है कि शिकायत पर निगम अधिकारियों ने काम तो कराया, लेकिन स्थाई समाधान नहीं हो सका है। इससे परेशानी बरकरार है। अधिकारियों को इसका स्थाई समाधान करना चाहिए।
वहीं निगम के ईएक्सईएन डालचंद का कहना है कि बड़ी-बड़ी मशीनों से सीवर की सफाई कराई गई है। कुछ दिनों बाद फिर से यह समस्या बन जाती है। दोबारा सफाई के लिए अधिकारियों से परमिशन लेने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।


