बाउंड्रीवॉल न होने से पार्कों से बेंच और ग्रिल हो रहीं चोरी

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चिंता का विषय है। बाउंड्रीवॉल के अभाव में पार्कों से बेंच और ग्रिल चोरी हो रहे हैं। आवारा पशुओं का आतंक भी बना हुआ है। सेक्टर की ग्रीनबेल्ट भी प्रभावित हो रही है। मार्केट में रेहड़ी वालों के अतिक्रमण से गंदगी और जाम की समस्या बढ़ गई है।

benches and grills stolen from faridabad parks due to lack of boundary wall questions on security

nNBT न्यूज, फरीदाबाद

पॉश इलाके सेक्टर-21सी में आठ पॉकेट है, जिनमें 15 हजार से अधिक लोग रहते हैं। लोगों का कहना है कि सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने बताया कि सेक्टर की बाउंड्रीवॉल न होने से यहां अनजान लोगों का आना जाना लगा रहता है। इसके साथ ही आसपास जंगल और गांव का एरिया होने से आवारा पशुओं का आतंक भी बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से सेक्टर में चोरी का खतरा बढ़ गया है। महीने में एक-दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चोर व असामाजिक तत्व पार्कों से बेंच व ग्रिल चोरी कर रहे हैं। सेक्टर की ग्रीनबेल्ट भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही पार्ट-3 में भी बाउंड्रीवॉल होनी चाहिए। इसके अलावा सेक्टर की मार्केट में अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मार्केट में रेहड़ी वालों का अतिक्रमण है, जिससे गंदगी बढ़ रही है। साथ ही जाम की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।

आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों और निवासियों ने बताया कि यहां पुलिस कमिश्नर ऑफिस से मार्केट की रोड पर दोनों ओर रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा कर रखा है। शाम होते ही ये पूरी रोड अतिक्रमण का शिकार हो जाती है, जिससे वाहन निकलना भी मुश्किल हो जाता है। यहां बाहर से लोग आकर अपनी रेहड़ियां लगा रहे हैं। मार्केट में अंदर पार्किंग स्पेस बहुत कम है। यहां वाहनों की संख्या अधिक होने से जाम की समस्या बनी हुई है। लोग रोड पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं। साथ ही इस रोड पर चार धार्मिक स्थल भी हैं। जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ये लोग रोड पर अपने वाहन खड़े करते हैं। ऐसे में निवासियों ने सेक्टर में पार्किंग व्यवस्था का इंतजाम करने की मांग की है। यहां ग्रीनवेस्ट, मार्केट में अतिक्रमण, जाम, ग्रीनबेल्ट बदहाल, रोड पर रेहड़ी वालों का कब्जा, स्ट्रे डॉग्स और कई समस्याओं पर एनबीटी संवाद में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और निवासियों ने चर्चा की।