पातली खुर्द में खूनी संघर्ष, फायरिंग में 4 को लगी गोली

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल के पातली खुर्द गांव में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार देर शाम दो पक्षों में जमकर फायरिंग और हिंसक झड़प हुई। इस गोलीबारी में चार युवक घायल हो गए। कुल छह लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।

bloody clash in patli khurd firing in old enmity 4 youths injured by gunshot

NBT न्यूज, पलवल

गांव पातली खुर्द में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच शनिवार देर शाम जमकर फायरिंग और हिंसक झड़प हुई। इस दौरान चार युवकों को गोली लगने समेत कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी जितेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चंद्रपाल, सुभाष, देशराज, राजकुमार, मोहित सहित कई लोग सुनियोजित तरीके से हथियारों से लैस होकर हमला करने पहुंचे। हमलावरों के पास लाठी, सरिया, फर्सा, बल्लम के अलावा देशी कट्टा, पिस्टल और राइफल जैसे हथियार थे। उन्होंने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रदीप और सीतू को गोली लगी, जबकि दूसरे पक्ष के गौरव और रणवीर के पैर में भी गोली लगने की सूचना है। झगड़े में नकुल और सौरव को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मौके से पुलिस ने कई खाली खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि होली के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी और गाली-गलौज के बाद यह विवाद शुरू हुआ था। उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते दोबारा हिंसक रूप ले लिया। सब इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।