दिल्ली-आगरा हाइवे को क्रॉस करना हुआ आसान

नवभारतटाइम्स.कॉम

दिल्ली-आगरा हाइवे पर जवाहर नगर और सिविल लाइन के निवासियों के लिए फुटओवर ब्रिज बनकर तैयार है। डीसी रेजीडेंस और ताऊ देवी लाल पार्क के पास बने इस ब्रिज से करीब 25 हजार लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। पहले लोग ग्रिल फांदकर हाइवे पार करते थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा था। अब यह समस्या खत्म हो गई है।

delhi agra highway footover bridge opened 25 thousand people get safe commuting facility

nNBT न्यूज, पलवल : जवाहर नगर और सिविल लाइन में रहने वालों के लिए अब दिल्ली-आगरा नैशनल हाइवे को क्रॉस करना आसान हो गया है। डीसी रेजीडेंस और ताऊ देवी लाल पार्क के सामने से हाइवे को क्राॅस करने के लिए फुटओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण पूरा हो गया। इसे अब लोगों की सुविधा के लिए खोल दिया गया है। इसका काम पिछले करीब दो साल से अटका हुआ था।

फुटओवर ब्रिज पर आवागन होने से शहर की करीब 25 हजार की आबादी को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल गई है। पहले यहां अंडरपास या दोपहिया वाहनों के आवागमन वाला फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही थी। हाइवे को क्राॅस करने के लिए लोग ग्रिल को फांदकर एक से दूसरी ओर जाते थे। इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा बना रहता था। कई बार सड़क पार करते समय दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। शनिवार रात को फुटओवर ब्रिज का काम पूरा हो गया और रविवार को इसे खोल दिया गया। जवाहर नगर कैंप बाजार के साथ, बाली नगर, न्यू काॅलोनी, पंचवटी काॅलोनी, सिविल लाइन काॅलोनी समेत आसपास की 25 हजार से ज्यादा की आबादी को फायदा मिलेगा।