NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर-28 स्थित एक मकान में ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर से नकदी, घड़ियां, चांदी के सिक्के और इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस चौकी सेक्टर-28 में शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर-28 निवासी आशीष अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 मार्च को शाम करीब 7:30 बजे वह अपने मकान पर ताला लगाकर बच्चे के साथ सेक्टर-28 स्थित अपने ससुराल चले गए थे। 28 मार्च की सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा खुला है। सूचना पर वह तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी थी और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।


