जेवर पर क्रेडिट वॉर, मायावती का दावा- 'हमने रखी थी नींव'

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर श्रेय की होड़ मची है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने दावा किया है कि एयरपोर्ट की शुरुआती नींव उनकी सरकार के दौरान रखी गई थी। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर काम में देरी का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया था।

जेवर पर क्रेडिट वॉर, मायावती का दावा- 'हमने रखी थी नींव'

पीटीआई, लखनऊ: नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट (जेवर) का श्रेय लेने की होड़ मच गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब बीएसपी प्रमुख मायावती ने रविवार को दावा किया कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआती नींव उनके मुख्यमंत्री रहते हुए ही रखी गई थी। उन्होंने इसके काम में हुई देरी के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर में इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में मायावती ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन हुआ है, लेकिन इसका ब्लूप्रिंट और जरूरी बुनियादी काम उनकी सरकार के दौरान ही शुरू हो गए थे। उन्होंने लिखा, ‘लंबे इंतजार के बाद कल जेवर में नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन हुआ, जबकि इसका नक्शा ही नहीं, बल्कि तमाम जरूरी शुरुआती काम बीएसपी की मेरी सरकार के समय ही शुरू कर दिए गए थे।’

कांग्रेस पर निशाना: मायावती ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार ने रुकावटें पैदा न की होतीं, तो यह विकास कार्य यमुना एक्सप्रेस-वे की तरह उनके कार्यकाल में ही काफी पहले पूरा हो गया होता।