n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सप्ताह के विशेष अभियान में 345 वाहनों को क्रेन से उठाकर चालान किए। यह कार्रवाई 22 से 29 मार्च के बीच की गई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जीएमडीए की ओर से उपलब्ध कराई गई क्रेन की मदद से अवैध रूप से खड़े वाहनों को टो किया गया, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिली और जाम की समस्या पर भी नियंत्रण पाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों को सुरक्षित बनाना और ट्रैफिक को बिना बाधा के संचालित करना है। इसके साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि नागरिक जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पार्किंग के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


