PNG कनेक्शन की राह में बकाया बिल का रोड़ा साफ

नवभारतटाइम्स.कॉम

घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच अदाणी टोटल गैस ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। बकाया बिल के कारण बंद पीएनजी कनेक्शन अब बिना लेट पेमेंट चार्ज के दोबारा चालू हो सकेंगे। यह विशेष योजना 5 अप्रैल तक लागू रहेगी। भुगतान के एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन फिर से शुरू हो जाएगा।

obstacles of due bills removed adani gas waives late payment charges get png connection by april 5

कंपनी ने दोबारा कनेक्शन चालू कराने के लिए माफ किया लेट पेमेंट चार्ज

- 5 अप्रैल तक करना होगा आवेदन, अदाणी टोटल गैस कंपनी ने की घोषणा

ओमदेव शर्मा, फरीदाबाद

घरेलू गैस सिलिंडर के लिए मारामारी के बीच एक राहतभरी खबर सामने आई है। अदाणी टोटल गैस लिमिटेड ने अपने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए एक विशेष योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत बकाया बिल के कारण बंद पड़े पीएनजी (पाइप्ड नैचुरल गैस) कनेक्शन को दोबारा चालू कराने पर लेट पेमेंट चार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा। भुगतान के बाद एक सप्ताह के अंदर ही कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा। कंपनी ने इस ऑफर को 5 अप्रैल तक ही मान्य रखा है। इनका कहना है कि इससे शहर के 15 हजार लोगों को गैस किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। फरीदाबाद के ग्रामीण और शहरी एरिया में इस समय कंपनी के करीब एक लाख 2 हजार घरेलू उपभोक्ता हैं। वहीं करीब 50 हजार लोग कनेक्शन की इंतजार में हैं। इसके अलावा करीब 15 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके बिल न भरने के कारण कनेक्शन कटे हुए हैं। इन उपभोक्ताओं पर कंपनी का करीब एक करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। बिल अदायगी न होने पर इनके कनेक्शन अस्थाई रूप से बंद कर दिए गए हैं।

सरकार का आदेश बढ़ा सकता है दबाव

प्रदेश सरकार के हालिया आदेश के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के नाम पर पीएनजी कनेक्शन सक्रिय है, उनका एलपीजी कनेक्शन स्थाई रूप से बंद किया जा सकता है। ऐसे में बकाया वाले उपभोक्ताओं के लिए यह योजना और भी अहम हो जाती है। अदाणी टोटल गैस के अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और उन्हें दोबारा गैस सुविधा से जोड़ना है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद यह छूट लागू नहीं रहेगी और सामान्य नियमों के अनुसार लेट पेमेंट चार्ज व अन्य शुल्क लागू हो सकते हैं। इसलिए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते भुगतान कर दें और किसी भी असुविधा से बचें।

क्या है योजना की खासियत

केवल मूल बकाया राशि का करना होगा भुगतान लेट पेमेंट चार्ज पूरी तरह माफभुगतान के बाद एक सप्ताह में कनेक्शन चालू

जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

अधिक जानकारी या किसी प्रकार की सहायता के लिए उपभोक्ता अदाणी गैस के कस्टमर केयर नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं या कंपनी के नजदीकी कार्यालय में भी जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कस्टमर केयर नंबर 079-69221100, 079-47545252 और 079-27623264 जारी किए गए हैं। कंपनी के रीजनल हेड राहुल भाटिया के अनुसार, इस पहल से उन उपभोक्ताओं को खास राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका कनेक्शन बकाया बिल के कारण बंद हो गया था और जो अतिरिक्त शुल्क के कारण भुगतान नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें केवल मूल राशि जमा कर गैस सेवा फिर से प्राप्त करने का अवसर दिया गया है। बकाया बिल अदायगी के बाद एक सप्ताह में कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा।

-------------------------------------------------

नगर निगम, एफएमडीए और एचएसवीपी की परमिशन बनी रुकावट

अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के रीजनल हेड राहुल भाटिया का दावा है कि जिनके घर के सामने से पीएनजी की पाइप लाइन गुजर रही है, ऐसे लोग भी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हें 20 से 25 दिन में कनेक्शन दे दिया जाएगा। लेकिन सवाल ये है कि कई इलाकों में तो पाइप लाइन बिछी ही नहीं है। पीएनजी के लिए मुख्य समस्या पाइपलाइन बिछाने के लिए नगर निगम, एचएसवीपी और एफएमडीए से खुदाई की अनुमति न मिलना बताई जा रही है। बिना परमिशन के काम आगे नहीं बढ़ पा रहा, जिससे हजारों कनेक्शन अधर में लटके हुए हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बड़ी राशि इस प्रॉजेक्ट में फंसी हुई है, क्योंकि कई घरों में फिटिंग पूरी हो चुकी है लेकिन सप्लाई शुरू नहीं हो पा रही।

गैस सप्लाई करने वाली कंपनी टेक्निकल सर्वे के लिए करे आवेदन : मेयर

नगर निगम की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि गैस सप्लाई करने वाली कंपनी टेक्निकल सर्वे के लिए नगर निगम के पास आवेदन करे। इसके बाद नगर निगम, एफएमडीए और गैस कंपनी की टीम संयुक्त रूप से एरिया में टेक्निकल सर्वे कर लेगी। जहां पर भी कोई दिक्कत या परेशानी होगी, उसे दूर कर लिया जाएगा। उनकी भी इच्छा है कि लोगों को जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन मिल सके।