पीटीआई, पीलीभीत: पीलीभीत जिले में एक 22 साल के युवक को बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि विडियो सामने आने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह घटना बरखेड़ा इलाके के पौटा कलां गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 22 साल का आरिफ पिछले तीन दिनों से लापता था। बरखेड़ा थाना प्रभारी (SHO) ने बताया कि पीड़ित के पिता शफीक शाह की शिकायत पर तीन नामजद और एक अज्ञात शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
शिकायत में शफीक शाह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा 24 मार्च की शाम करीब 4 बजे घर से रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकला था। रास्ते में खमरिया गांव के पास आरोपी तालिब, कैसर और पप्पू ने 10-12 अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर आरिफ को रोक लिया। पिता ने बताया, उन्होंने उसे रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया और लात-घूंसों व लाठियों से उसकी बुरी तरह पिटाई की।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरिफ कथित तौर पर गांव में अपनी महिला दोस्त से मिलने गया था।


