प्रॉपर्टी टैक्स में छूट का दावा 'कागजी', नगर निगम व सरकार पर लगाया आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में प्रॉपर्टी टैक्स और पानी-सीवर शुल्कों में छूट की घोषणा के बावजूद करदाताओं को राहत नहीं मिली है। सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। अंतिम तिथि नजदीक होने से लोग असमंजस में हैं। पूर्व पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

property tax exemption claim on paper allegations of misleading public against municipal corporation and government in faridabad

nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : प्रदेश सरकार की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स और पानी-सीवर कनेक्शन के बकाया शुल्कों में छूट की घोषणा के बाद भी फरीदाबाद के करदाताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सरकार ने कुछ दिन पहले बड़े स्तर पर टैक्स माफी और ब्याज में छूट की योजना का ऐलान तो कर दिया, लेकिन अब तक इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन (अधिसूचना) नगर निगम तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में अंतिम तारीख नजदीक आने के कारण लोग असमंजस में हैं कि वे टैक्स जमा करें या नोटिफिकेशन का इंतजार करें। इस मामले को लेकर शहर के पूर्व पार्षद दीपक चौधरी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक पूर्व पार्षद ने इस मुद्दे पर विडियो जारी करते हुए नगर निगम और सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स, पानी और सीवर कनेक्शन के पुराने बिलों पर माफी की बात तो कही गई, लेकिन धरातल पर अब तक पोर्टल अपडेट नहीं हुआ है और न ही निगम के पास कोई लिखित आदेश आया है। बिना नोटिफिकेशन के लोग निगम कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें पुराने रेट और ब्याज के साथ ही बिल थमाए जा रहे हैं। प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की आखिरी तारीख 31 मार्च है। समय सीमा समाप्त होने में अब 1 दिन ही शेष बचा हैं।