nNBT न्यूज, रेवाड़ी
शहर थाना निरीक्षक सूबे सिंह ने शहर के रेलवे रोड, काठमंडी, पोस्ट ऑफिस रोड और मुख्य बाजार में प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधियों और दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से सुरक्षा के आधुनिक मापदंडों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने अनुरोध किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।
उन्होंने समझाया कि बेहतर नाइट विजन और स्पष्ट फुटेज वाले कैमरे न केवल अपराधियों में डर पैदा करते हैं, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने में पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित होते हैं। जिससे चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी। सूबे सिंह ने डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दौर में व्यापारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी किसी से सांझा करें।


