टेंडर के फेर में फंसी सेक्टर-1 की मुख्य सड़क, धूल और गड्ढों से लोग परेशान

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1 में एटीएस गोलचक्कर से अरिहंत अंबर सोसायटी तक जाने वाली मुख्य सड़क प्रशासनिक अनदेखी का शिकार है। टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण सड़क पर धूल और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे हजारों परिवारों को परेशानी हो रही है। निवासियों ने जल्द सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

sector 1 main road in bad condition stuck in tender process public troubled by dust and potholes

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

सेक्टर-1 में एटीएस गोलचक्कर से अरिहंत अंबर सोसायटी तक जाने वाली मुख्य सड़क प्रशासनिक अनदेखी के कारण बदहाल है। कई बड़ी सोसायटियों को जोड़ने वाला यह मार्ग पिछले कई महीनों से टेंडर प्रक्रिया के इंतजार में गड्ढों में अटका हुआ है। इसके कारण यहां से गुजरने वाले हजारों परिवारों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

सोसायटी निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क जर्जर होने के कारण पूरे क्षेत्र में धूल उड़ती रहती है, जिससे निवासियों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क को दुरुस्त करने के लिए विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन समाधान नहीं निकला।

हर बार अधिकारियों द्वारा टेंडर प्रक्रिया जारी होने का बहाना बनाकर मामले को टाल दिया जाता है। धूल और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण के जिम्मेदार अफसर कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं। निवासियों ने जल्द सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।