टोल टैक्स बढ़ा, 1 अप्रैल से और ढीली होगी जेब

नवभारतटाइम्स.कॉम

1 अप्रैल से गुड़गांव में सफर महंगा हो जाएगा। एनएचएआई ने टोल दरों में बढ़ोतरी की है। द्वारका एक्सप्रेसवे, घामडोज और खेड़कीदौला टोल पर शुल्क बढ़ेंगे। कार, हल्के कमर्शल वाहन, बस और ट्रक चालकों को अब ज्यादा पैसे देने होंगे। फास्टैग एनुअल पास और मासिक पास भी महंगे हो गए हैं। यह बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा असर डालेगी।

toll tax increased from april 1 millions of vehicle owners in gurgaon will bear the burden

n NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर के लाखों वाहन चालकों के लिए 1 अप्रैल से सफर महंगा होने जा रहा है। एनएचएआई ने टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना नौकरी, कारोबार या अन्य काम के लिए वाहन लेकर सड़कों पर निकलते हैं। शहर के द्वारका एक्सप्रेसवे, घामडोज और खेड़कीदौला टोल से गुजरने वालों की जेब अब और ढीली होगी।

द्वारका एक्सप्रेसवे टोल पर सबसे ज्यादा बढ़ा चार्ज

द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल की बात करें तो यहां से हर दिन करीब 50 हजार वाहन गुजरते हैं। नई दरों के बाद कार और जीप चालकों को अब 220 की जगह 225 रुपये देने होंगे। हल्के कमर्शल वाहनों का शुल्क 355 से बढ़कर 365 रुपये हो गया है। बस और ट्रक चालकों को अब 745 की जगह 765 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह थ्री एक्सल वाहनों का टोल 815 से बढ़ाकर 835 रुपये कर दिया गया है, जबकि भारी निर्माण मशीनों के लिए यह सीधे 815 से 1200 रुपये तक पहुंच गया है। ओवरसाइज वाहनों का शुल्क भी 1425 से बढ़ कर 1465 हो गया है।

घामडोज टोल की दरों में 5 से 15 रुपये की बढ़ोतरी

घामडोज टोल पर भी दरों में बढ़ोतरी की गई है। यहां रोजाना करीब 50 हजार लोगों का आना-जाना रहता है। कार चालकों को अब 125 की जगह 130 रुपये देने होंगे। हल्के कमर्शल वाहन 205 से बढ़कर 210 रुपये, बस और ट्रक को 430 से 440 रुपये देने होंगे। थ्री एक्सल वाहनों का शुल्क 470 से 480 रुपये किया गया। भारी निर्माण मशीनों का शुल्क 675 से 690 हो गया है। हालांकि ओवरसाइज वाहनों के रेट 845 में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

खेड़कीदौला टोल पर पांच रुपये अतिरिक्त देने होंगे

खेड़कीदौला टोल प्लाजा , जो गुड़गांव के सबसे व्यस्त टोल में गिना जाता है, वहां भी हर कैटिगरी में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। यहां से रोजाना लगभग 70 हजार वाहन गुजरते हैं। अब कार चालकों को एक तरफ के लिए 95 नहीं 100 रुपये देने होंगे। हल्के कमर्शल वाहनों का शुल्क 155 से 160 रुपये, बस और ट्रक का 330 से 335 रुपये, थ्री एक्सल वाहनों का शुल्क 360 से 370 रुपये, बड़ी मशीनें 515 से 530 और ओवरसाइज वाहनों का शुल्क 630 से 645 रुपये तक पहुंच गया है।

मासिक और एनुअल पास भी हुआ महंगा

एनएचएआई ने फास्टैग एनुअल पास की फीस भी बढ़ा दी है, जो अब 3000 से बढ़कर 3075 रुपये हो जाएगी। हालांकि एक साल या 200 ट्रिप के लिए यह पास कुछ राहत दे सकता है। दूसरी तरफ 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले वाहन चालकों का मासिक पास भी 340 से बढ़कर 350 हो गया है।