n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के सेक्टर-89A स्थित अडानी आंगन अफोर्डेबल हाउसिंग सोसायटी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। करीब 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से नाराज रेजिडेंट्स आधी रात को सड़कों पर उतर आए और पटौदी रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और बिल्डर की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली निगम के 24 घंटे बिजली सप्लाई के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि हकीकत में घंटों लंबे कट झेलने पड़ रहे हैं।
जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस: जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रेजिडेंट्स बिजली बहाल होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। हालात तब सामान्य हुए जब कुछ समय बाद बिजली सप्लाई शुरू की गई और लोगों ने जाम खोल दिया। लोगों का आरोप है कि बिजली कटौती को लेकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती है। वहीं, जब इस मुद्दे पर बात करने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो वे फोन उठाने से बचते नजर आए।
दोबारा से सड़क पर उतर करेंगे प्रदर्शन: रेजिडेंट्स का कहना है कि यदि भविष्य में फिर ऐसी स्थिति बनी तो वे दोबारा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। साथ ही प्रशासन से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को नियमित करने के लिए ठोस और स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को बार-बार ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


