n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ शहर के कई एरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के लिए निर्देश जारी किए। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि सड़क किनारों, ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा प्लास्टिक कचरा, बागवानी अपशिष्ट और सीएंडडी वेस्ट को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।
निगम कमिश्नर सुबह करीब साढ़े नौ बजे राजीव चौक पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क किनारे पड़ी मिट्टी और मलबे को तुरंत उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई की ओर से की जा रही सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। झाड़सा चौक स्लिप रोड पर जमा कचरे को हटाने को कहा। सिग्नेचर टावर चौक, एमडीआई चौक, अतुल कटारिया चौक, सीआरपीएफ चौक सहित शीतला माता मंदिर के आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार और नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


