रेकी के बाद धक्का लगा चुराते थे वाहन, दो अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा पुलिस ने रेकी कर स्कूटी से धक्का लगाकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की दो स्कूटी, एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी बिना स्टार्ट किए वाहनों को धक्का लगाकर ले जाते थे।

gang involved in stealing vehicles by pushing after reconnaissance busted two arrested

n NBT न्यूज, नोएडा

रेकी के बाद चोरी की स्कूटी से धक्का लगाकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सेक्टर-126 थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की दो स्कूटी, एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी कैलाश सिंह बघेल और कानपुर देहात निवासी कार्तिक बाजपेई के रूप में हुई है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने सेक्टर-126 थाने में स्कूटी चोरी की शिकायत दी थी। शिकायत पर केस दर्ज कर टीम गठित कर दी गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज में 2 युवक स्कूटी को ले जाते हुए दिखाई दिए। इसमें कार्रवाई करते हुए बुधवार को कैलाश सिंह और कार्तिक बाजपेई को सेक्टर-94 से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस में बताया कि वह पहले ऐसे स्थानों की रेकी करते थे जहां वाहन बिना लॉक के खड़े होते थे। इसके बाद अपनी स्कूटी से पहुंचकर एक व्यक्ति चोरी के लिए टारगेट किए वाहन पर बैठा जाता था। इसके बाद दूसरा अपनी स्कूटी से पैर के सहारे धक्का देकर वाहन को बिना स्टार्ट किए मौके से ले जाता था, जिससे किसी को संदेह नहीं होता था। उसके बाद चोरी किए गए वाहनों को तत्काल न बेचकर यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखा जाता था और बाद में अवसर मिलने पर बेचा देते थे।