nNBT न्यूज, गाजियाबाद : बढ़ती गर्मी के साथ शहर में बिजली कटौती की समस्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार दोपहर को बारिश ने इस समस्या को और बढ़ा दिया। लोगों का आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारी लोगों का शिकायतें सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि गर्मी में ओवरलोड से फॉल्ट की समस्या में बढ़ोतरी हो रही है। संजय नगर, गोविंदपुरम, कविनगर, घूकना मोड़ और प्रताप विहार में रोजना 4 से 6 बार तक बिजली कटौती की जा रही है, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति, कूलर-पंखे और अन्य जरूरी उपकरण प्रभावित हो रहे हैं। वहीं तेज बारिश के चलते कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर की स्थिति ठीक नहीं रहने और इंसुलेटर ढीले होने की शिकायत आई। छोटे दुकानदारों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से उनका काम बाधित हो रहा है। इस पर अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बढ़ती मांग के कारण सिस्टम पर दबाव है। फॉल्ट को ठीक करने और ओवरलोड कम करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।


