n NBT न्यूज, वसई : वसई-विरार मनपा के वसई (वेस्ट) स्थित सर डी.एम. पेटिट अस्पताल में मार्च में एक्सपायर्ड दवाएं मिलने का खुलासा होने पर मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बीपी के आदेश पर आठ कर्मचारियों का तबादला किया गया है। बीजेपी ने इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को निलबिंत करने की मांग की थी।
सर डी.एम. पेटिट हॉस्पिटल में मरीजों को एक्सपायरी डेट वाली दवाओं की शिकायत मिलने पर बीजेपी नगरसेवक अशोक शेलके व अभय कक्कड़ अस्पताल पहुंचे। वहां कई दवाएं स्टॉक में ऐसी मिलीं, जो 2024 में एक्सपायर हो चुकी थीं। अशोक शेलके ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मी दवा सप्लाई की डिमांड रजिस्टर करने से लेकर एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी करने तक सभी प्रोसेस में ऐक्टिव थे। मुख्यमंत्री ने अडिशनल चीफ सेक्रेटरी को मामले की जांच करने का आदेश दिया था। प्रशासन ने जब कोई कार्रवाई नहीं की, तो शेलके ने 1 मई से आमरण अनशन की चेतावनी दी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित विभाग ने शुक्रवार को आठ कर्मचारियों का ट्रांसफर कर दिया है।





