पांच दोस्तों संग सिरोही झील गए युवक की डूबने से मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सिरोही गांव की झील में दिल्ली के रामशंकर की डूबने से मौत हो गई। वह पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था। गहराई का अंदाजा न होने पर वह डूब गया। दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों ने शव निकाला। करीब 25 दिन पहले भी इसी झील में एक युवक की मौत हुई थी।

youth dies of drowning in sirohi lake had gone for a bath with friends

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

धौज क्षेत्र के सिरोही गांव की पहाड़ियों के बीच बनी झील में फिर एक युवक की डूबने से मौत हो गई। दिल्ली निवासी रामशंकर उर्फ रामू अपने पांच दोस्तों के साथ शनिवार को यहां आए थे। वह झील में नहाने चले गए। इस दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वे डूब गए। घटना से घबराए दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को झील से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बता दें कि करीब 25 दिन पहले भी एक 21 वर्षीय युवक अभिषेक की झील में डूबने से मौत हो गई। वह भी अपने दोस्तों के साथ दिल्ली के बंसत गांव से आया था। किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। ये घटना गत 7 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद भी प्रशासन ने यहां लोगों को रोकने के कोई खास इंतज़ाम नहीं किए।

दोपहर करीब दो बजे पहुंचे थे झील: जानकारी के अनुसार मृतक रमाशंकर अपने पांच दोस्तों सोम,मोहित, सत्यम, बबलू और अमित के साथ दो बाइक पर सवार होकर पहाड़ों के बीच बने रास्तों से चोरी छिपे सिरोही गांव पहुंचे थे। झील से करीब 200 मीटर दूर खड़ी करके रमाशंकर,सोम और मोहित नहाने उतर गए।जबकि तीन अन्य दोस्त बाहर ही खड़े रहे। करीब ढाई बजे रमाश्ंकर डूबने लगा। बाहर खड़े दोस्तों ने उसे देखकर शोर मचाया तो कुछ दूरी पर तैर रहे सोम व मोहित उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक रमाशंकर डूब चुका था। वह दिल्ली में ही किसी प्राइवेट कंपनी में नाैकरी करते थे।