n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसायटी में शनिवार सुबह करीब 12 से 14 साल के तीन बच्चे लिफ्ट में फंस गए। सोसायटी में टावर 4 की लिफ्ट में 9 वें फ्लोर पर सुबह करीब सवा सात बजे यह घटना घटी। करीब 20-25 मिनट तक वे लिफ्ट में फंसे रहे। लोगों का कहना है कि सोसायटी में आएदिन लिफ्ट अटकने और लोगों के फंसने की घटनाएं सामने आ रही है।
लोगों का कहना है कि कुछ दिनों पहले टावर 2, 6 और 12-ए में लिफ्ट चलते चलते बंद होने की घटनाएं हुई हैं, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग फंस रहे। निवासी अंकित ने बताया कि भीषण गर्मी में लिफ्ट में बिना पंखे के फंसे रहना सीधा जान का खतरा बना हुआ है। हालात ये हो गए है कि लोग खासकर बुजुर्ग और बच्चे लिफ्ट में कदम रखने से भी डर रहे है। शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे तीन बच्चे लिफ्ट में जा रहे थे तभी अचानक बिजली कट के कारण लिफ्ट अटक गई, जिसमें बच्चे 9 वें फ्लोर पर फंस गए। बच्चे बुरी तरह घबरा गए, जिसके बाद लोगों ने सोसायटी आरडब्ल्यूए टीम को सूचना दी। बच्चे करीब 20-25 मिनट तक फंसे रहे। काफी देर बाद कड़ी मशक्कत कर लिफ्ट का दरवाजा खोलकर बच्चों को बाहर निकाला गया। गर्मी में लिफ्ट में फंसने से बच्चों की हालत खराब हो गई। इस घटना ने सोसायटी के निवासियों को चिंता में डाल दिया है। लोग आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को शिकायत कर समाधान की मांग कर रहे है।






